
प्रदेश में पर्यटन निवेश को प्रोत्साहित करने एवं पर्यटन व्यवसायियों, टूर ऑपरेटर्स और होटल इंडस्ट्री के बीच सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रीवा में दो दिवसीय रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 26 जुलाई को कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम, रीवा में इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे।कॉन्क्लेव में उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल तथा पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी उपस्थित रहेंगे।मध्यप्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि एवं विशेषकर विंध्य क्षेत्र की पर्यटन क्षमताओं को पहचान दिलाने और राज्य में पर्यटन निवेश को बढ़ावा देने के लिए इस कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है।कॉन्क्लेव में फिल्म जगत से प्रसिद्ध अभिनेता श्री मुकेश तिवारी एवं ‘पंचायत’ वेब सीरीज की लोकप्रिय अभिनेत्री सान्विका सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि इस कॉन्क्लेव में मध्यप्रदेश के आतिथ्य क्षेत्र में योगदान देने वाले निवेशकों को सम्मानित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में भोपाल में आयोजित होने वाले मध्यप्रदेश ट्रेवल मार्ट की पूर्व तैयारियों के अंतर्गत यह रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव आयोजित किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में ग्वालियर में अगस्त तथा इंदौर में सितंबर में भी रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव आयोजित किए जाएंगे।