मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश के सबसे बड़े केंद्रीय श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस पर प्रदेश सहित देशभर के श्रमिकों और नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने अपनी स्थापना से लेकर आज तक श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके समग्र कल्याण के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीकों से निरंतर संघर्ष किया है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रमिक वर्ग किसी भी राष्ट्र और समाज की रीढ़ होता है। उनके परिश्रम और समर्पण से ही विकास की आधारशिला मजबूत होती है। भारतीय मजदूर संघ ने श्रमिकों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उन्नति के लिए जो योगदान दिया है, वह सराहनीय और अनुकरणीय है।

डॉ. यादव ने आगे कहा कि श्रमिक वर्ग के हितों की रक्षा और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ की उत्तरोत्तर मजबूती और संगठन की प्रेरणादायी यात्रा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह संगठन आगे भी श्रमिकों को न्याय दिलाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और समाज में श्रम के सम्मान को स्थापित करने में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।