मध्यप्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा 17 एवं 18 जुलाई को सीहोर जिले के वन मण्डल अंतर्गत ग्राम कठौतिया ईको जंगल कैम्प में दो दिवसीय गंतव्य स्थल प्रबंधन एवं कैम्पिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ईको पर्यटन स्थल पर कार्यरत समिति सदस्यों को रोजगार के नये आयाम विकसित करना, पर्यटकों को वन एवं वन्यजीव पर्यावरण के संबंध में शिक्षित करना तथा स्थल के आसपास के गाँवों को वन संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।प्रशिक्षण के दौरान ईको पर्यटन विकास बोर्ड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. समिता राजौरा ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया और उन्हें ईको पर्यटन के महत्व, प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न उपायों की जानकारी दी।इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को कैम्पिंग, पर्यटक मार्गदर्शन, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग और स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने संबंधी विषयों पर भी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।मध्यप्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड का यह प्रयास प्रदेश में ईको पर्यटन को सशक्त बनाने और स्थानीय लोगों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।