प्रदेश के समस्त शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 2 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए इस वर्ष “मंच क्विज ओलंपियाड” का आयोजन दो चरणों में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश, देश और विश्व के सांस्कृतिक, भौगोलिक, ऐतिहासिक परिदृश्य, समसामयिक सामान्य ज्ञान, तथा हिन्दी, इंग्लिश, विज्ञान और गणित जैसे विषयों से प्रारंभिक स्तर से जोड़ना है।

प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित होगी —
- जन शिक्षा केन्द्र स्तरीय आयोजन – सितम्बर माह में
- जिला स्तरीय आयोजन – नवम्बर माह में
ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है, जो RSKMP पोर्टल के माध्यम से किया जा सकेगा। विद्यार्थियों को पंजीयन में शिक्षकों का सहयोग प्राप्त होगा।इस वर्ष प्रतियोगिता की विशेष बात यह है कि कक्षा 2 से 8 तक के सभी विद्यार्थी प्रश्नों को ओएमआर शीट पर हल करेंगे, जिससे उन्हें बचपन से ही प्रतियोगी परीक्षा प्रारूप का अनुभव प्राप्त होगा।
विषयवार विवरण इस प्रकार है:
- कक्षा 2 एवं 3: हिन्दी, इंग्लिश, गणित
- कक्षा 4 एवं 5: हिन्दी, इंग्लिश, गणित, पर्यावरण
- कक्षा 6 से 8: हिन्दी, संस्कृत, इंग्लिश, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान
चयन प्रक्रिया और प्रतिभागियों की संख्या
- कक्षा 2 और 3: प्रत्येक जन शिक्षा केन्द्र से 28 विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित होंगे।
- कक्षा 6 से 8: जन शिक्षा केन्द्र स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 36 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
निर्देश जारी
राज्य शिक्षा केन्द्र, भोपाल द्वारा प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जिला शिक्षा केन्द्रों और शालाओं को प्रेषित कर दिए गए हैं।राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक श्री हरजिंदर सिंह द्वारा सभी जिला कलेक्टरों एवं राज्य शिक्षा केन्द्र अधिकारियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं।मंच क्विज ओलंपियाड” प्रदेश के विद्यार्थियों को उनकी बौद्धिक क्षमता के विकास, प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण से परिचय और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं हेतु तैयारी का सशक्त अवसर प्रदान करेगा।