भोपाल, 3 जुलाई | राजधानी में मोहर्रम के जुलूस को लेकर पुलिस ने इस बार कड़ा लेकिन सौहार्दपूर्ण प्लान तैयार किया है। पुराने पुलिस कंट्रोल रूम में हुई एक अहम बैठक में पुलिस उपायुक्त ज़ोन-3 रियाज़ इक़बाल ने साफ कहा – “त्यौहार की आड़ में किसी भी तरह की अफवाह, हंगामा या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, लेकिन जो सहयोग करेगा, उसे हर सुविधा मिलेगी।”

इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित के साथ नगर निगम, एमपीईबी, प्रशासनिक अमला, शांति समिति के सदस्य और करीब 100 से ज़्यादा स्थानीय बुजुर्ग, समाजसेवी और प्रतिनिधि शामिल हुए। ताजिया जुलूस के रूट, बिजली व्यवस्था, लाइटिंग, साफ-सफाई, ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा के तमाम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से खुले दिल से सुझाव मांगे और वहीं तत्काल समाधान के निर्देश भी दिए। खास बात ये रही कि हर तबके के लोगों ने यह भरोसा दिलाया कि मोहर्रम को अमन और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।
पुलिस की ओर से यह भी साफ किया गया कि इस बार जुलूस रूट में ड्रोन से निगरानी, सीसीटीवी की नज़र, पुख्ता बैरिकेडिंग और ट्रैफिक रूट मैनेजमेंट में कोई चूक नहीं होगी। त्यौहार है, जज्बात हैं – लेकिन कानून सबसे ऊपर रहेगा।
भोपाल तैयार है – इमाम हुसैन की याद में, लेकिन अमन-ओ-अमान के साथ।