सूरत में सफल रहा निवेशकों के साथ इंटरैक्टिव सेशन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सूरत (गुजरात) में रविवार को आयोजित निवेश संवाद सत्र (इंटरैक्टिव सेशन) अत्यंत सफल रहा और इसके सकारात्मक परिणाम स्वरूप मध्यप्रदेश को 15,710 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों के माध्यम से प्रदेश में 11,250 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य गुजरात के प्रगतिशील और नवाचारशील उद्यमियों को मध्यप्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं से अवगत कराना था। उन्होंने उद्योग नगरी सूरत में आयोजित इस सत्र में उपस्थित निवेशकों से प्रत्यक्ष संवाद कर प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल, संसाधनों की उपलब्धता, सुगम प्रक्रियाएं एवं सरकार की निवेशक हितैषी नीतियों की जानकारी साझा की।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर भी इस आयोजन के संबंध में जानकारी साझा करते हुए कहा कि “मध्यप्रदेश अपार संभावनाओं की भूमि है। उद्योगों के विकास को गति देने और गुजरात के निवेशकों को सुविधाजनक संपर्क हेतु मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) का एक कार्यालय अहमदाबाद में स्थापित किया जाएगा।”डॉ. यादव ने बताया कि इंटरैक्टिव सेशन के दौरान उन्होंने गुजरात के प्रमुख उद्योगपतियों, उद्यमियों एवं निवेशकों के साथ वन-टू-वन चर्चाएं कीं। इन चर्चाओं में उन्होंने राज्य सरकार द्वारा लागू की जा रही नवीन औद्योगिक नीति, लॉजिस्टिक्स सुविधाएं, श्रम सुधार, सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम, भूमि बैंक तथा औद्योगिक कॉरिडोर जैसे विषयों पर चर्चा की और निवेशकों के प्रश्नों का समाधान भी किया।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश न केवल भौगोलिक दृष्टि से भारत के हृदयस्थल पर स्थित है, बल्कि यहाँ कुशल श्रमिक, बेहतर कनेक्टिविटी, पर्याप्त जल एवं ऊर्जा संसाधन, तथा शांतिपूर्ण औद्योगिक वातावरण जैसी विशेषताएं भी हैं, जो इसे निवेश के लिए अत्यंत उपयुक्त बनाती हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुजरात राज्य की उद्यमशीलता की सराहना करते हुए कहा कि गुजरात के उद्योगपतियों ने देश की आर्थिक प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मध्यप्रदेश और गुजरात के उद्योगों के बीच सहयोग से देश को आर्थिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।मुख्यमंत्री ने सभी निवेशकों को आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश सरकार उनकी हर आवश्यकता और सुझाव के प्रति संवेदनशील है और निवेशकों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *