मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपने संदेश में कहा कि यह दिन हमें सतर्क और जागरूक करता है कि “नशा नाश की जड़ है।” उन्होंने कहा कि सभ्य, उन्नतशील और शिक्षित समाज में नशे के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे नशा मुक्त समाज की स्थापना में सक्रिय सहयोग करें और मध्यप्रदेश को एक स्वस्थ, सुरक्षित और प्रगतिशील राज्य बनाने की दिशा में प्रयासों को गति दें।उन्होंने कहा कि नशामुक्ति के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, इसके लिए जनसहभागिता आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वह अपने परिवार, समाज और आसपास के वातावरण को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता फैलाए।