मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को उनके जन्मदिन के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने राष्ट्रपति महोदय के स्वस्थ, सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का सार्वजनिक जीवन समर्पण और सेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का नेतृत्व करते हुए समाज के सभी वर्गों, विशेषकर वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि श्रीमती मुर्मु का मार्गदर्शन और प्रेरणा प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सामाजिक न्याय और लोककल्याण की दिशा में निरंतर प्राप्त होती रहेगी। उन्होंने उज्जैन में बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु को उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन का वरदान प्राप्त हो।