लोकतंत्र और राष्ट्रवादी भावना का संरक्षण पत्रकारिता की अहम कड़ी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव,

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लोकतंत्र और राष्ट्रवादी भावना के संरक्षण में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल खबरें ही नहीं देता, बल्कि समाज में विचारों का संतुलन भी स्थापित करता है। पत्रकारिता वह माध्यम है, जो सहमति और असहमति दोनों को समान रूप से स्थान देती है और लोकतंत्र के स्वस्थ वातावरण को पुष्ट करती है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपेक्स बैंक समन्वय भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में नवप्रकाशित दैनिक समाचार पत्र ‘स्वदेश ज्योति’ के लोकार्पण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और ‘स्वदेश समूह’ को इस नई पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने समाचार पत्र समूह के अध्यक्ष और प्रधान संपादक श्री राजेंद्र शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘स्वदेश समूह’ की पत्रकारिता यात्रा सदैव जनहित, राष्ट्रहित और संस्कृति संरक्षण के मूल्यों पर आधारित रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब समाज में सूचनाओं की बाढ़ है, ऐसे में सत्य पर आधारित और संतुलित पत्रकारिता की आवश्यकता और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि एक जनसेवा के रूप में देखा जाना चाहिए और यही उद्देश्य लेकर ‘स्वदेश ज्योति’ की शुरुआत की गई है, जो प्रशंसनीय है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सरकारी अधिकारियों और मीडिया जगत से जुड़ी अनेक हस्तियों की उपस्थिति रही। सभी ने ‘स्वदेश ज्योति’ की आगामी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि यह पत्र जनमानस की आवाज बनेगा तथा सच्ची और जिम्मेदार पत्रकारिता का उदाहरण प्रस्तुत करेगा।समाचार पत्र समूह के प्रधान संपादक श्री राजेंद्र शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि ‘स्वदेश ज्योति’ का उद्देश्य मात्र समाचार देना नहीं है, बल्कि समाज को दिशा देने वाली पत्रकारिता को आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि यह समाचार पत्र राष्ट्रवाद, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को केंद्र में रखकर कार्य करेगा।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार श्री अशोक वाजपेयी ने किया और आभार प्रदर्शन समूह के निदेशक श्री मनीष शर्मा ने कियामुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आपातकाल के दौर में संघर्षों का सामना करते हुए स्वदेश समाचार पत्र ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की। वर्तमान समय में प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ न्यू मीडिया (डिजिटल मीडिया) भी राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरणा लेकर स्वदेश समाचार पत्र ने हमेशा पिछड़ों और वंचित वर्ग की आवाज बुलंद करने का कार्य किया है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य कश्यप ने कहा कि स्वदेश समाचारपत्र ने प्रखर राष्ट्रवादी विचारों को जीवंत रखते हुए पत्रकारिता का एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *