सेवा भाव के साथ जनसेवा ही लोक सेवक की पहचान : राज्यपाल श्री पटेल,

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि लोक सेवक बनकर राष्ट्र के विकास और मानव कल्याण में योगदान देने का अवसर बिरले लोगों को ही मिलता है। जनसेवा यदि सेवाभाव से की जाए, तो वही सच्चे लोकसेवक की पहचान बनती है। राज्यपाल श्री पटेल आज राजभवन के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित सौजन्य भेंट कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के नवनियुक्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और विकासखंड अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव श्री के.सी. गुप्ता भी उपस्थित थे।राज्यपाल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभवों का उपयोग प्रशासनिक कार्यों में आने वाली चुनौतियों के समाधान में करें। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे मैदानी भ्रमण के दौरान जनता से आत्मीयता एवं विनम्रता से पेश आएँ, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनें और शीघ्र निराकरण करें।उन्होंने विशेष रूप से जोर देकर कहा कि आम जनता की बुनियादी आवश्यकताओं — रोटी, कपड़ा, मकान, पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने सभी अधिकारियों को निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *