विश्व सिकल सेल दिवस 19 जून को बड़वानी में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम,

विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की ग्राम पंचायत तलून स्थित खेल स्टेडियम में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन-2047 के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सिकल सेल रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, स्क्रीनिंग को प्रोत्साहित करना और उन्मूलन की दिशा में ठोस कदम उठाना है।इस गरिमामय अवसर पर भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल करेंगे तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, और राज्य सरकार के अन्य मंत्रीगण एवं वरिष्ठ अधिकारीगण भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।इस विशेष अवसर पर कई नवाचारों का शुभारंभ किया जाएगा, जिनमें विशेष रूप से तैयार किया गया जेनेटिक काउंसलिंग जागरूकता वीडियो और प्रभावित गर्भवती महिलाओं के लिए व्यापक दिशानिर्देश व प्रशिक्षण मॉड्यूल शामिल हैं। इन नवाचारों का उद्देश्य समुदाय स्तर पर सिकल सेल के प्रभाव को कम करना और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को अधिक सक्षम बनाना है।कार्यक्रम में उन ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपने क्षेत्र में लक्षित आयु वर्ग की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित की है। यह सम्मान न केवल उनकी निष्ठा और जागरूकता का प्रतीक होगा, बल्कि अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।

इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण पहल "सिकल सेल मित्र" की शुरुआत की जाएगी, जिसे मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के एनसीसी निदेशालयों के सहयोग से क्रियान्वित किया जाएगा। सिकल सेल मित्र विशेष रूप से युवा एनसीसी कैडेट्स होंगे, जो जनजागरूकता फैलाने, सेवा प्रदाताओं और समुदाय के बीच सेतु बनने तथा बीमारी के लक्षणों की प्रारंभिक पहचान में मदद करेंगे।राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन-2047 का उद्देश्य 2047 तक सिकल सेल रोग को पूर्णतः नियंत्रित करना है। इसके अंतर्गत स्क्रीनिंग, काउंसलिंग, इलाज और अनुसंधान को एकीकृत दृष्टिकोण से आगे बढ़ाया जा रहा है। ujयह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।कार्यक्रम में हजारों की संख्या में नागरिक, स्वास्थ्यकर्मी, स्वयंसेवी संगठन, छात्र एवं जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि सिकल सेल कोई अभिशाप नहीं, बल्कि समय रहते पहचाना और प्रबंधित किया जाने वाला रोग है।मध्य प्रदेश सरकार सिकल सेल रोग के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को जन आंदोलन का स्वरूप देने हेतु निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *