राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन-2047 के अंतर्गत विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 19 जून 2025 को ग्राम पंचायत तलून, बड़वानी स्थित खेल स्टेडियम में किया जा रहा है। इस गरिमामयी अवसर पर भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित होंगी।कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, एवं अन्य मंत्रीगण एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे।इस अवसर पर सिकल सेल रोग की रोकथाम एवं जागरूकता हेतु कई नवाचारों का शुभारंभ किया जाएगा, जिनमें जेनेटिक काउंसलिंग जागरूकता वीडियो तथा प्रभावित गर्भवती महिलाओं के लिए व्यापक दिशानिर्देश एवं मॉड्यूल प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त, लक्षित आयु वर्ग की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग पूर्ण करने वाली ग्राम पंचायतों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 33 सिकल सेल प्रभावित जिलों में विशेष परामर्श शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में प्रभावित व्यक्तियों को आनुवंशिक परामर्श, रोग प्रबंधन, भावी पीढ़ी को सुरक्षित रखने के उपाय, तथा आवश्यक चिकित्सकीय सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की जाएगी।

इसके साथ ही, उप-केन्द्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर सिकल सेल रोगियों की पहचान, स्क्रीनिंग, तथा परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच की जाएगी।आयोजन का उद्देश्य सिकल सेल एनीमिया के प्रति प्रदेश में जन-जागरूकता लाना, रोगियों को समय पर परामर्श और उपचार उपलब्ध कराना तथा सिकल सेल उन्मूलन के लक्ष्य को 2047 तक प्राप्त करना है।