मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दमोह-छतरपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम मारासुखी तिराहा के समीप 29 मई को घटित भीषण सड़क दुर्घटना में मृत श्री चंदन पिता गेंदालाल अहिरवार, श्री संदीप पिता रामजी अहिरवार एवं श्री सोनू पिता नंदलाल अहिरवार के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगत आत्माओं के निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपये प्रति व्यक्ति के मान से आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की घोषणा की है। इस आशय का निर्देश कलेक्टर दमोह को देते हुए उन्होंने संबंधित परिवारों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराने को कहा है।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि वे शोकाकुल परिवारों को इस गहन दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें।यह उल्लेखनीय है कि उक्त दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन युवकों की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।