अयोध्या, रविवार: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टेस्ट कप्तान और वरिष्ठ खिलाड़ी विराट कोहली ने आज प्रातः अयोध्या में अपनी पत्नी, प्रसिद्ध अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ श्रीरामलला और बजरंगबली के दर्शन पूजन किए। यह दिव्य युगल लगभग सुबह 9 बजे अयोध्या पहुंचे और सबसे पहले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन किए।दर्शन के दौरान दोनों श्रद्धा और एकाग्रता से पूजा-अर्चना में लीन रहे। उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और दर्शन को पूरी तरह निजी और आध्यात्मिक अनुभव बनाए रखा।विराट और अनुष्का को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक मंदिर परिसर के बाहर एकत्रित हुए। कई प्रशंसकों ने अपने प्रिय क्रिकेटर के साथ सेल्फी लेने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा कारणों से पुलिस प्रशासन ने उन्हें नियंत्रित करते हुए व्यवस्था बनाए रखी।गौरतलब है कि विराट कोहली ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है, जिसके बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक धार्मिक यात्रा रही। इस मौके पर अयोध्या के श्रद्धालु और अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।