रायपुर, छत्तीसगढ़ में रविवार को धर्मांतरण के मामले को लेकर टाटीबंध इलाके में भारी हंगामा हुआ। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक घर में धर्मांतरण की सूचना मिलने पर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि टाटीबंध के एक घर में करीब 100 से अधिक लोगों का जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। इस सूचना पर बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और प्रदर्शन किया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। यह घटना आमानाका थाना क्षेत्र के अनुकंपा नगर की बताई जा रही है। बजरंग दल के जिला अध्यक्ष योगेश सैनी ने बताया कि स्थानीय लोगों से उन्हें धर्मांतरण की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे विरोध करने पहुंचे। उनके अनुसार, धर्मांतरण का आयोजन घर के अंदर किया जा रहा था, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम का विरोध करते हुए घर को घेर लिया, जिससे विवाद बढ़ गया।स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद मामले को शांत किया गया। इस घटना ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण से जुड़े मुद्दों को चर्चा में ला दिया है।