नई दिल्ली। गाबा का मैदान, जहां ऋषभ पंत के बल्ले से निकला वो आखिरी चौका… ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था। चोटिल खिलाड़ियों से भरी भारतीय टीम ने जिस तरह से खेल दिखाकर कंगारुओं को मात दी थी, उसकी हमेशा ही तारीफ की जाती है।अब 4 साल बाद फिर से ब्रिसबेन के गाबा में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है। यह मुकाबला 14 दिसंबर से खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया से हर किसी को एक शानदार खेल दिखाने की आस है। ऐसे में जानते हैं ब्रिस्बेन के गाबा की पिच का मिजाज कैसा रहने वाला है?बात है साल 2020 की जब ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर आई भारतीय टीम ने 2-1 से सीरीज अपने नाम की थी और गाबा का घमंड तोड़ा था। इस मैदान पर इससे पहले भारतीय टीम कभी टेस्ट मैच नहीं जीती थी, लेकिन उस वक्त भारत ने इतिहास रचा और कंगारुओं को तगड़ा झटका दिया।

भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों दूसरे टेस्ट में 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। रोहित शर्मा की वापसी से जहां हर किसी को दूसरे टेस्ट मैच में जीत की उम्मीद थी, तो वहीं भारत का बैटिंग ऑर्डर फ्लॉप रहा। सिर्फ नीतीश रेड्डी के बल्ले से 42-42 रन निकले। वहीं, कंगारू टीम की तरफ से बैटर्स और बॉलर्स, दोनों का प्रदर्शन कमाल का रहा। ट्रेविस हेड ने पहली पारी में 140 रन बनाए। वहीं, पैट कमिंस और स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी की।