एक पेड़ मां के नाम अभियान में ऊर्जा विभाग ने लगाए 1 लाख पौधे,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऊर्जा विभाग के गोविंदपुरा स्थित निष्ठा परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पौधारोपण के लिए आरंभ किया गया “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और वसुंधरा को संवारने के उनके मन के भाव और संकल्प का प्रकटीकरण है। पौधारोपण का यह अभियान, परमात्मा से प्रकृति के रूप में जो हमें प्राप्त हुआ है, उसे वापस लौटाने का एक प्रयास भी है। विकास के क्रम में हुए प्रकृति के क्षरण की प्रतिपूर्ति करने और संतुलन बनाए रखने में भी पौधारोपण से मदद मिल रही है।भारतीय संस्कृति मातृ-सत्ता की उपासक है और पौधारोपण अभियान को प्रधानमंत्री ने मां का नाम देकर प्रत्येक व्यक्ति को अभियान से आत्मीय रूप से जोड़ा है। मां के नाम से अथवा उनकी स्मृति में पौधा लगाना इस बात का भी प्रतीक है कि हमने जो प्रकृति से पाया है, उसे लौटाने का भी हमारे मन में भाव है। भारतीय संस्कृति वृक्षों को बहुत महत्व प्रदान करती है, ब्रह्म पुराण में एक वृक्ष को दस पुत्रों के बराबर मानना इस बात का प्रतीक है। 

ऊर्जा मंत्री तोमर ने भी निष्ठा परिसर में आंवले का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में ऊर्जा विभाग के प्रदेश में स्थित विभिन्न परिसरों में पौध-रोपण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री द्वारा किए गए पौधारोपण के साथ गोविंदपुरा स्थित निष्ठा परिसर में एक सौ पौधे एवं प्रदेश में एक लाख पौधे रोपे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पौध-रोपण में सहभागिता के लिए मंत्री तोमर ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *