मोदी ने खूनी अपराधी को गले लगाया-जेलेंस्की

मॉस्को: नरेंद्र मोदी सोमवार को रूस के दौरे पर पहुंचे हैं। नरेंद्र मोदी की रूस यात्रा और उनकी व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की को पसंद नहीं आई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने भारतीय प्रधानमंत्री की मॉस्को यात्रा की आलोचना करते हुए इसे निराशाजनक और शांति प्रयासों के लिए एक बड़ा झटका बताया है। उन्होंने कहा कि उसी दिन मोदी ने पुतिन से मुलाकात की जब एक रूसी मिसाइल कीव में बच्चों के अस्पताल को निशाना बना रही थीं। नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नोवो-ओगारियोवो में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनके आवास पर मुलाकात की। सोमवार सुबह ही रूसी मिसाइलों ने यूक्रेनी शहरों पर हमला किया, जिसमें कम से कम 37 लोग मारे गए और 170 अन्य घायल हुए। इसी का जिक्र करते हुए जेलेंस्की ने नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया और पुतिन को खूनी बताया।जेलेंस्की ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में रूस के हमले और पुतिन मोदी की मुलाकात पर कहा, ‘दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता को मॉस्को में दुनिया के सबसे खूनी अपराधी को गले लगाते हुए देखना एक बड़ी निराशा है। ये रूस के आक्रामण के खिलाफ शांति प्रयासों के लिए भी एक विनाशकारी झटका है।

यूक्रेन युद्ध पर तटस्थ रहा है भारत

यूक्रेन के प्रेसीडेंट ने नरेंद्र मोदी को पुतिन से मिलने पर निशाना बनाया है। हालांकि भारत ने रूस के यूक्रेन पर आक्रामण का कभी समर्थन नहीं किया है। रूस के मौजूदा आधिकारिक दौरे पर भी पीएम मोदी ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की अपील की है। मॉस्को में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आधिकारिक आवास पर उनके साथ एक अनौपचारिक बैठक के दौरान पीएम मोदी ने उनसे कहा कि युद्ध के मैदान पर कोई समाधान नहीं खोजा जा सकता है। भारत ने हमेशा क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता सहित संयुक्त राष्ट्र चार्टर का सम्मान करने के पक्ष में रहा है। किसी भी मसले का हल युद्ध के मैदान पर नहीं बल्कि बातचीत और कूटनीति से ही निकल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *