बाइडन ने अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे लोगों के लिए बदली नीति

वॉशिंगटन: अमेरिका की जो बाइडन सरकार ने अवैध अप्रवासियों से जुड़ी एक नई नीति की घोषणा की है। व्हाइट हाउस ने बताया है कि अमेरिका में अवैध अप्रवासियों को अमेरिकी नागरिकों से शादी करने पर कानूनी दर्जा प्राप्त करने की अनुमति देने के लिए कानूनों में बदलाव किया गया है। ये नीति उन लोगों पर लागू होगी, जो कम से कम 10 साल से अमेरिका में हैं और 17 जून 2024 से पहले अमेरिकी नागरिक से शादी कर चुके हैं। व्हाइट हाउस का मानना है कि इससे करीब पांच लाख लोगों को फायदा होगा। इसके अलावा अमेरिकी नागरिकों के करीब 50 हजार बच्चों को भी इससे फायद होगा। अमेरिका में अनुमानित 11 लाख आप्रवासियों ने अमेरिकी नागरिकों से शादी की है। इन नए नियमों का वीजा पर अमेरिका गए लोगों पर कोई असर नहीं होने जा रहा है।नए नियम आवेदन प्रक्रिया के हिस्से के रूप में देश छोड़ने की आवश्यकता को हटा देते हैं। दरअसल अमेरिकी नागरिक से शादी करने पर अमेरिकी नागरिकता की सुविधा मिल जाती है लेकिन जो लोग बिना वीजा अवैध रूप से सीमा पार कर ऐसा करते हैं, उन्हें ग्रीन कार्ड की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अपने देश लौटना आवश्यक होता है। नए नियम इसे बदल देंगे और परिवारों को कानूनी स्थिति हासिल करने के दौरान देश में रहने की इजाजत दे देंगे। व्हाइट हाउस की ओर से बयान में कहा गया है कि नए नियम से पारिवारिक एकता को बढ़ावा मिलेगा। अमेरिकी नागरिकों और उनके गैर-नागरिक परिवार के सदस्यों को एक साथ रहने में मदद मिलेगी।

नया नियम भारतीयों के लिए कितना फायदेमंद?

अमेरिका में भारतीय भी बड़ी संख्या में रहते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बाइडन प्रशासन के इस कदम का अमेरिका में रहने वाले भारतीयों पर क्या असर पड़ेगा। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस नीति से अमेरिकी में रहने वाले भारतीयों के बीच निर्वासन का डर कम होगा। प्यू रिसर्च सेंटर के 2021 के अनुमान के अनुसार अमेरिका में बिना डॉक्यूमेंट के रह रहे अप्रवासियों का तीसरा सबसे बड़ा समूह भारतीयों का है। 2011 के बाद से अमेरिका में गैर-दस्तावेजी भारतीयों की संख्या में 70 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो किसी भी दूसरे देश की तुलना में सबसे तेज वृद्धि है। ऐसे में भारतीयों के लिए ये नई नीति राहत बन सकती है।नई नीति के अनुसार जो लोग अर्हता प्राप्त करेंगे उन्हें कार्य प्राधिकरण और स्थायी निवास के लिए आवेदन करते समय अमेरिका में तीन साल तक रहने का अधिकार दिया जाएगा। एक बार जब किसी के पास स्थायी निवास यानी ग्रीन कार्ड होगा तो वह व्यक्ति सैद्धांतिक रूप से बाद में नागरिकता के लिए आवेदन कर सकता है। जो बाइडन ने हाल ही में कहा था कि वह इस बारे में चर्चा करेंगे कि देश आव्रजन प्रणाली को और अधिक निष्पक्ष और न्यायपूर्ण कैसे बनाया जा सकता है। बाइडन प्रशासन ने अमेरिका में अवैध रूप से आए उन बच्चों के लिए भी वर्क वीजा प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बना दिया है, जो ग्रेजुएट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *