ऐतिहासिक वन ट्री हिल्स टेकरी को पिकनिक स्पाट बनाने की योजना पर नहीं हो सका अमल

Bhopal News: ऐतिहासिक वन ट्री हिल्स टेकरी को पिकनिक स्पाट बनाने की योजना पर नहीं हो सका अमल
व्यू टावर, शेड और चैनल फेंसिंग का काम भी नहीं हो सका। जमीन विवाद के कारण काम अटका।

संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) की ऐतिहासिक वन ट्री हिल्स टेकरी को पिकनिक स्पाट के रूप में विकसित करने का काम भूमिपूजन के बाद भी नहीं हो सका है। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम ने यहां आधुनिक व्यू टावर बनाने के साथ ही पर्यटकों के बैठने के लिए शेड बनाने के लिए 50 लाख रूपये स्वीकृत किए थे। जमीन विवाद के कारण मामला अटका हुआ है।

निगम ने यहां तीन व्यू प्वाइंट, शेड, बेंच, लाइटिंग एवं चैनल फेंसिंग का काम करने का निर्णय लिया था। कुछ समय पहले तत्कालीन पर्यटन राज्यमंत्री सुरेंद्र पटवा एवं विधायक रामेश्वर शर्मा ने इसके लिए भूमिपूजन किया था। भूमिपूजन समारोह में ही इस स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया था। भविष्य में इसे आधुनिक रूप देने के लिए और अधिक धन राशि देने की घोषणा भी की गई थी लेकिन काम शुरू होने से पहले ही जमीन विवाद सामने आ गया। नतीजा यह कि संत हिरदाराम नगर को नागरिकों को एक अच्छा पर्यटन स्थल नहीं मिल सका।

टेकरी से नजर आता है एयरपोर्ट

वन ट्री हिल्स टेकरी सड़क सतह से लगभग 300 फुट ऊंचाई पर है। यहां से सैर सपाटा, राजा भोज एयरपोर्ट, साई स्पोर्ट्स सेंटर, मनुआभान टेकरी, बोट क्लब, ताजुल मसाजिद, कोलांस नदी, द्रोणांचल पहाड़ी, गुफा मंदिर, बिरला मंदिर एवं विधानसभा भवन आदि नजर आते हैं लेकिन दूरी अधिक होने के कारण स्पष्ट नहीं दिखते। पर्यटन विकास निगम ने व्यू प्वाइंट में बाइनोक्यूलर्स यानि दूरबीन लगाने का निर्णय लिया था। यदि यह लग जाते तो भोपाल के प्रमुख स्‍थलों को लोग आसानी से देख सकते थे। टेकरी के आसपास लगातार हो रहे अतिक्रमण को भी रोका जा सकता था, लेकिन वक्फ बोर्ड ने यहां पर्यटन स्थल बनाने पर आपत्ति लगा दी। मामला अटक गया। विधायक रामेश्वर शर्मा के अनुसार मामला अदालत में होने के कारण निर्माण नहीं हो पा रहा है। विवाद सुलझने के बाद यहां नए सिरे से पर्यटन स्थल विकसित करने पर विचार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *