प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 6 फरवरी को देशभर के विद्यार्थियों के साथ “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम में संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विद्यार्थियों के मन में परीक्षा को लेकर उत्पन्न होने वाली शंकाओं का समाधान करेंगे और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करेंगे। “परीक्षा पे चर्चा” का राष्ट्रीय आयोजन शुक्रवार, 6 फरवरी को प्रातः 10 बजे नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।प्रधानमंत्री श्री मोदी वर्ष 2018 से इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद कर परीक्षा संबंधी तनाव को दूर करने का प्रयास करते आ रहे हैं। इस वर्ष कार्यक्रम का यह 9वां संस्करण है, जिसमें प्रधानमंत्री विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए मार्गदर्शन करेंगे।प्रदेश में भी इस कार्यक्रम का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित होगा, जहां विशिष्ट जन, वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी सजीव प्रसारण में सहभागी बनेंगे।स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर जिले के चावरपाठा विकासखंड के ग्राम तेंदूखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच उपस्थित रहकर कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में सहभागिता करेंगे।कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए किया जाएगा। दूरदर्शन, डीडी नेशनल, डीडी न्यूज, डीडी इंडिया, ऑल इंडिया रेडियो के सभी चैनलों, पीएमओ वेबसाइट, mygov.in, यूट्यूब, फेसबुक लाइव, स्वयंप्रभा चैनल, दीक्षा चैनल सहित विभिन्न रेडियो चैनलों और निजी प्रसारण माध्यमों पर भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा।प्रदेश में “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम में सहभागिता के लिए 1 दिसंबर से 11 जनवरी तक विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। इस अवधि में मध्यप्रदेश से कक्षा 6वीं से 12वीं तक के 22 लाख 95 हजार से अधिक विद्यार्थियों, 1 लाख 28 हजार से अधिक शिक्षकों और 17 हजार से अधिक अभिभावकों सहित कुल 24 लाख 41 हजार 390 लोगों ने पंजीयन कराया।स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, सभी जिला शैक्षिक प्रशिक्षण संस्थानों तथा प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम को समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की लाइव प्रसारण के माध्यम से सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।प्रदेश के स्कूलों में टीवी प्रसारण के साथ-साथ इंटरनेट युक्त उपकरणों जैसे कंप्यूटर और लैपटॉप पर भी कार्यक्रम देखने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संचालक लोक शिक्षण द्वारा सभी कलेक्टरों और मैदानी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।