
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल के निर्देशानुसार 25 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक लोकभवन को आम नागरिकों के लिए खोला जा रहा है। इन तीन दिनों में प्रदेश के नागरिक लोकभवन की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, विशेष सजावट और लोकतांत्रिक गरिमा को निकट से देख और अनुभव कर सकेंगे। यह आयोजन शासन और नागरिकों के बीच संवाद, सहभागिता और विश्वास को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने समस्त नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और लोकभवन का भ्रमण अवश्य करें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने, संविधान के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करेगा।
भ्रमण की तिथियां और समय
डॉ. कोठारी ने जानकारी दी कि आमजन लोकभवन का भ्रमण 25 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक कर सकेंगे।
- 25 जनवरी एवं 27 जनवरी 2026 को भ्रमण का समय दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक रहेगा।
- गणतंत्र दिवस, 26 जनवरी 2026 को लोकभवन भ्रमण का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।
- नागरिकों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था कुशाभाऊ ठाकरे सभागार परिसर में की गई है। आमजन का प्रवेश गेट क्रमांक-1 से तथा निकास गेट क्रमांक-4 से होगा
लोकभवन भ्रमण को सुचारु और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए आमजन के लिए एक विशेष रूट निर्धारित किया गया है। गेट क्रमांक-1 से प्रवेश के बाद नागरिक लोकभवन सचिवालय एवं व्ही.आई.पी. रोड से होते हुए कांच गेट के माध्यम से लोकभवन परिसर में प्रवेश करेंगे।
इस दौरान नागरिक
- स्वर्ण जयंती सभागार (बैंक्वेट हॉल),
- ऐतिहासिक दरबार हॉल,
- तोप एवं ध्वज वंदन स्थल
का अवलोकन कर सकेंगे। इसके पश्चात सिविल डिस्पेंसरी के सामने आयोजित केन्द्र एवं राज्य सरकार की प्रदर्शनियों को देखा जा सकेगा। सांदीपनि सभागार के बाहर वॉटर फाउंटेन के समीप वीडियो वॉल के माध्यम से लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। भ्रमण के अंत में नागरिक मंदिर के सामने वाले द्वार से होते हुए गेट क्रमांक-4 से परिसर से बाहर निकलेंगे।
लोकभवन भ्रमण के दौरान आमजन को केन्द्र एवं राज्य सरकार की विकासपरक योजनाओं और ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिचित कराने के लिए विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं। भारत सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो द्वारा “वीबी-जी रामजी योजना” एवं “वंदे भारत” थीम पर आधारित आकर्षक और सूचनात्मक प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो नागरिकों को राष्ट्र निर्माण की योजनाओं और विकास यात्रा की जानकारी देगी।इसके साथ ही मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा “राजभवन से लोकभवन” विषय पर आधारित विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश की स्थापना से लेकर अब तक के सभी राज्यपालों की जानकारी सरल, रोचक और दृश्यात्मक रूप में प्रस्तुत की जाएगी। लघु फिल्मों के माध्यम से प्रदेश की लोकतांत्रिक यात्रा और प्रशासनिक विकास को भी दर्शाया जाएगा।लोकभवन को आमजन के लिए खोलने का यह आयोजन नागरिकों को लोकतंत्र से जोड़ने और शासन की कार्यप्रणाली को पारदर्शी रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।