24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, लिव-इन पार्टनर सहित चार आरोपी गिरफ्तार,

निशातपुरा थाना क्षेत्र में हुए एक अंधे कत्ल का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का लिव-इन पार्टनर समीर, उसका भाई साहिल, बहन सायमा और मां शहनाज शामिल हैं। सभी आरोपी कमल नगर क्षेत्र के निवासी हैं।पुलिस के अनुसार, गुरुवार को कमल नगर स्थित एक मकान के सेप्टिक टैंक से लोहे की पेटी में बंद एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया।आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतका की पहचान 22 वर्षीय मिसबाह, निवासी गोंदिया (महाराष्ट्र) के रूप में हुई। वह पिछले कुछ समय से कमल नगर निवासी समीर के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर समीर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी और मिसबाह की पहचान एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी। अक्टूबर 2025 से दोनों साथ रह रहे थे। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। आरोपी संबंध समाप्त करना चाहता था, जबकि मृतका अलग होने के बदले पैसों की मांग कर रही थी।7-8 फरवरी की रात दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने अपने परिवार को पूरी जानकारी दी। एक दिन तक शव को घर में ही छिपाकर रखा गया। अगले दिन शव को लोहे की पेटी में बंद कर घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

जांच में सामने आया कि आरोपी के भाई, बहन और मां ने भी शव ठिकाने लगाने में सहयोग किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतका का अपने पहले पति से तलाक हो चुका था, जबकि आरोपी समीर भी दो शादियां कर चुका है। वह पेशे से ऑटो चालक है।घटनास्थल आरोपी के घर के निकट होने के कारण पुलिस को साक्ष्य जुटाने में आसानी हुई। तकनीकी जांच, स्थानीय पूछताछ और सख्त कार्रवाई के चलते 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया गया।पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।निशातपुरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *