
भोपाल -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन परिसर में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित गोवर्धन पर्व का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गौ सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 श्रेष्ठ गोपालकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पर्व के अवसर पर अपने निवास स्थित गौशाला में भी विधि-विधान और मंत्र उच्चारण के साथ पूजा अर्चना की। उनके साथ स्वामी अच्युतानंद जी और गौ संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले स्वामी हरिओमानंद जी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पुरातन परंपराओं से लोगों को जोड़ने और गौ संरक्षण को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी सांस्कृतिक धरोहर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और हम सभी को पुरातन परंपराओं को संरक्षित करते हुए गौ सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने गौ संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए प्रदेशवासियों से इस दिशा में सहयोग की अपील की। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, लखन पटेल, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी, और जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।