गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, अनमोल को कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया गया। मुंबई पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस के छोटे भाई के प्रत्यर्पण के लिए अमेरिका को प्रस्ताव भेजा था। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया था कि अनमोल बिश्नोई उनके देश में मौजूद है। अनमोल पर 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं और एनआईए ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।मुंबई पुलिस की जांच में दावा किया गया है कि अनमोल ने एक अन्य आरोपी सुजीत सुशील सिंह के माध्यम से हथियार और वित्तीय मदद उपलब्ध कराई थी। अनमोल ने कथित तौर पर सिद्दीकी और उसके बेटे जीशान की तस्वीरें स्नैपचैट के माध्यम से किराए के शूटरों को भेजीं।

इससे पहले मुंबई क्राइम ब्रांच ने कहा था कि एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में शामिल शूटर अपराध से पहले अनमोल बिश्नोई के संपर्क में थे। अधिकारियों के अनुसार, कनाडा और अमेरिका में रहते हुए अनमोल और तीनों संदिग्ध शूटरों के बीच स्नैपचैट के माध्यम से मैसेज का आदान-प्रदान हुआ था।