नई दिल्ली: आर्थिक संकट से जूझ रही कर्नाटक सरकार को लेकर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी नेताओं को चेताया है। जिसके बाद पीएम मोदी ने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है।पीएम मोदी ने एक्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट शेयर करते हुए कांग्रेस को उनके चुनावी वादों के लेकर घेरने की कोशिश की। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस पार्टी को अब समझ आ रहा है कि झूठे वादे करना आसान है, लेकिन उन्हें पूरा करना बहुत मुश्किल या नामुमकिन है।

उसके बाद एक और पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा देश के लोगों को कांग्रेस द्वारा प्रायोजित झूठे वादों की संस्कृति के खिलाफ सतर्क रहना होगा। हमने हाल ही में देखा कि कैसे हरियाणा के लोगों ने उनके झूठ को नकार दिया और एक ऐसी सरकार को चुना जो स्थिर, प्रगतिशील और काम करने वाली है। पूरे भारत में यह समझ बढ़ रही है कि कांग्रेस को वोट देना कुशासन, खराब अर्थव्यवस्था और अथाह लूट को वोट देना है। हर चुनाव में, वे लोगों से ऐसे वादे करते हैं जिन्हें वे जानते हैं कि वे कभी पूरा नहीं कर पाएंगे। अब, वे लोगों के सामने बेनकाब हो गए हैं।