चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जुन भ्रष्टाचार के आरोपों से घिर गए हैं। उनके खिलाफ पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) में भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में जांच हो रही है। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी दी गई है। चीन में रक्षा क्षेत्र में करप्शन ने बीते कुछ समय में दुनिया का ध्यान खींचा है। डोंग चीन के लगातार तीसरे सेवारत या पूर्व रक्षा मंत्री हैं, जिनके खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच की जा रही है। डोंग जुन को 11 महीने पहले, दिसंबर 2023 में रक्षा मंत्री बनाया गया था।ली शांगफू को आरोप लगने पर महज सात महीने में ही पद से हटा दिया गया था। ली शांगफू से पहले वेई फेंगहे चीन के रक्षा मंत्री थे। उन पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। पद से हटने के बाद उनकी जांच शुरू हुई थी। एक के बाद एक रक्षा मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों से चीनी सेना की छवि को भी धक्का लगा है।

अमेरिकी सैन्य अधिकारियों का दावा है कि पीएलए में चल रही जांच से कहीं ना कहीं जिनपिंग का अपनी सेना पर भरोसा कम हो रहा है। हालांकि चीन में रक्षा मंत्री सबसे शक्तिशाली सैन्य व्यक्ति नहीं होता है। चीन की सेना का नेतृत्व सेंट्रल मिलिट्री कमीशन (सीएमसी) के उपाध्यक्ष करते हैं। रक्षा मंत्री पीएलए का अंतरराष्ट्रीय चेहरा होता है।