सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों की सफलता सुनिश्चित कराएं : राज्यपाल श्री पटेल,

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि सिविल सेवा में चयनित लोकसेवक केन्द्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाकर उन्हें सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि लोकसेवकों का दायित्व है कि वे गरीब, वंचित और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील रहें और उनकी मदद आगे बढ़कर करें। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।राज्यपाल श्री पटेल रविवार को नर्मदा क्लब सभागार में संकल्प संस्थान से चयनित सिविल सेवकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सभी सफल प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि चयनित प्रतिभागियों की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति का माध्यम भी है। राज्यपाल ने संकल्प संस्थान के गुरूजन, मार्गदर्शक और सफल प्रतिभागियों को मंच से सम्मानित किया और प्रतिभावान छात्रों को निखारने एवं उन्हें सफलता की ओर अग्रसर करने के लिए संस्थान के प्रयासों की सराहना की।

राज्यपाल श्री पटेल ने ऋग्वेद का उल्लेख करते हुए कहा कि ज्ञानी लोग अज्ञानियों को भी ज्ञानवान बनाते हैं, अर्थात शिक्षा की वास्तविक उपयोगिता तभी है जब वह दूसरों को शिक्षित करने का माध्यम बने। शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्ति, परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव लाती है तथा राष्ट्र की प्रगति को सुनिश्चित करती है। उन्होंने कहा कि ज्ञान से ही समाज में समानता और विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश नई दिशा की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों को बंधनमुक्त शिक्षा का अवसर प्रदान कर रही है। यह नीति युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और नए आयाम स्थापित करने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नए भारत के निर्माण का संकल्प युवाओं के हाथों में सौंपा है। इसके लिए आवश्यक है कि युवा हमेशा नए सपने देखें और बड़े लक्ष्य निर्धारित करें।

उन्होंने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने का स्वप्न तभी पूरा होगा जब युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करेंगे। उन्होंने सिविल सेवा में चयनित प्रतिभागियों से अपेक्षा की कि वे केवल प्रशासनिक अधिकारी न बनें, बल्कि संवेदनशील लोकसेवक बनकर लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएँ।कार्यक्रम में संकल्प संस्थान के पदाधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया और संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी दी। बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और मार्गदर्शकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *