सम्पूर्णता अभियान ने बदली आकांक्षी जिलों और विकासखंडों की तस्वीर : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

भोपाल, बुधवार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप देश ने विकास की नई गति प्राप्त की है। पिछड़े जिलों और विकासखंडों को आकांक्षी क्षेत्रों के रूप में चिन्हित कर, वहां विकास के लिए समन्वित प्रयास करना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी कदम है। आज प्रदेश में आयोजित राज्य स्तरीय सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह इस बात का प्रमाण है कि योजनाओं का सही क्रियान्वयन और सामूहिक प्रयास किस प्रकार समाज के अंतिम पायदान तक विकास का लाभ पहुँचा सकते हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सम्पूर्णता अभियान ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और सुशासन के क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया है। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण से लेकर उन्हें पोषक आहार की उपलब्धता, बच्चों के समय पर टीकाकरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, स्कूलों में विद्युत आपूर्ति, और समय पर पाठ्यपुस्तक वितरण जैसी गतिविधियों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से आकांक्षी जिलों एवं विकासखंडों के रहवासियों के जीवन स्तर और जीवन जीने की परिस्थितियों में सकारात्मक बदलाव आया है, जो अभियान की सफलता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्पूर्णता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के आकांक्षी जिलों और विकासखंडों के अधिकारियों एवं उनकी टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि टीम भावना, समर्पण और जमीनी स्तर पर काम करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई दिशा प्राप्त की है। केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयास से पिछड़े क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए योजनाएं न केवल बनाई गईं बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन से आमजन के जीवन में ठोस परिवर्तन हुआ है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे इसी प्रकार कार्य करते हुए आने वाले समय में भी विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *