मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल स्थित रवींद्र सभागम में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन “सिंदूरी अक्षर” में सहभागिता की और देश के वीरों, जननायकों तथा “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता पर केंद्रित भावपूर्ण काव्य रचनाओं को श्रवण किया। यह गरिमामयी आयोजन संस्कृति विभाग द्वारा संपन्न किया गया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव का कार्यक्रम में पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। उन्होंने मंच पर पधारे सभी कवियों का शाल और श्रीफल से अभिनंदन कर उनका सम्मान किया।इस अवसर पर वरिष्ठ सांसद श्री वीडी शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक श्री भगवान दास सबनानी, और अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।कवि सम्मेलन में सुप्रसिद्ध कवि श्री हरि ओम पवार ने कहा कि “जब कोई मुख्यमंत्री कवि सम्मेलन में आम श्रोताओं के साथ बैठकर तल्लीनता से कविताएँ सुनते हैं, तो यह उनकी संवेदनशीलता और साहित्यिक रुचि का सजीव प्रमाण है।”इस साहित्यिक संध्या में प्रमुख सचिव संस्कृति श्री शिव शेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव उद्योग श्री राघवेंद्र कुमार सिंह, विक्रमादित्य पीठ के निदेशक श्री श्रीराम तिवारी, साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे सहित अनेक साहित्यकार, कला प्रेमी, और नागरिकगण उपस्थित रहे।कवि सम्मेलन में श्री जानी बैरागी, श्री सुरेंद्र दुबे, अनु सपन, शैलेंद्र माथुर, सुमित मिश्रा, अमन अक्षर, दिनेश दिग्गज सहित कई प्रतिष्ठित कवियों ने वीरता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से भरपूर रचनाओं का सस्वर पाठ किया।सिंदूरी अक्षर” कवि सम्मेलन देर रात्रि तक सांस्कृतिक भावनाओं और काव्यरस से सराबोर वातावरण में संपन्न हुआ।