केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार में एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। शिवराज सिंह चौहान दादा बन गए हैं। उनके घर नन्ही लाडली लक्ष्मी का जन्म हुआ है। इस शुभ समाचार की जानकारी स्वयं श्री चौहान ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की।अपने भावुक संदेश में शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि आज उनके घर लाडली लक्ष्मी आई है। उनके पुत्र कार्तिकेय पिता बने हैं और अमानत मां बनी हैं। उन्होंने इसे परिवार के लिए अत्यंत आनंद और गर्व का क्षण बताया। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि कोकिला जी (साधना सिंह) अब दादी बन गई हैं, जबकि वे स्वयं दादा बने हैं। वहीं अनुपम जी नाना, रुचिता जी नानी और आर्यन मामा बने हैं।श्री चौहान ने अपने संदेश में यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2025 उनके परिवार के लिए विशेष रहा, जब परिवार में दो बेटियों—अमानत और ऋद्धि (बहुओं)—का आगमन हुआ। वहीं वर्ष 2026 की शुरुआत में बेटी इला के जन्म से परिवार की खुशियां और भी बढ़ गई हैं। उन्होंने नवजात का स्वागत करते हुए लिखा, “स्वागतम लक्ष्मी”।परिवार में बेटी के जन्म को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल है। शुभचिंतकों, समर्थकों और आम नागरिकों की ओर से शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। इसी बीच एक भावुक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शिवराज सिंह चौहान अपनी नवजात पोती के कान में गायत्री मंत्र पढ़ते हुए नजर आ रहे हैं। यह दृश्य सोशल मीडिया पर लोगों के दिलों को छू रहा है।शिवराज सिंह चौहान, जो सार्वजनिक जीवन में बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रबल समर्थक रहे हैं, उनके परिवार में बेटी के जन्म को भी लोग उसी भावना से जोड़कर देख रहे हैं। परिवार में आई यह नन्ही लक्ष्मी सभी के लिए सुख, समृद्धि और मंगल कामनाओं का प्रतीक बन गई है।