शिक्षा के साथ संस्कृति से जुड़ाव आवश्यक: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

भोपाल के गांधी नगर स्थित सागर पब्लिक स्कूल के रजत जयंती समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि शिक्षा का विस्तार तभी सार्थक है जब वह भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों से जुड़ा हो। नई तकनीकों को अपनाने के साथ, विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने को प्राथमिकता देनी चाहिए।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह में विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और सेवाभावी पदाधिकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सभी के विकास के लिए विद्यार्थियों को केवल प्रशासनिक या पुलिस अधिकारी बनने का लक्ष्य नहीं रखना चाहिए। उन्हें श्रेष्ठ शिक्षक, समर्पित जनप्रतिनिधि, कुशल व्यापारी और प्रगतिशील किसान बनने की सोच भी विकसित करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे प्रकल्पों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया, जिससे वे भविष्य में नौकरी लेने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें।मुख्यमंत्री ने जीवन में श्रेष्ठता का पालन करने की प्रवृत्ति विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारी संस्कृति मानवीय मूल्यों, मित्रता और संवेदनशीलता को सर्वोपरि मानती है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निरंतर प्रगति कर रहा है। आज गूगल जैसी वैश्विक संस्थाओं सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय संगठनों में भारतीय प्रतिभाएं शीर्ष पदों पर कार्य कर रही हैं, जो देश की शिक्षा और क्षमता का प्रमाण है।मुख्यमंत्री ने सागर समूह को छह शिक्षण संस्थानों के बाद सातवें संस्थान के शुभारंभ की बधाई दी। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में 25 वर्षों की उपलब्धियों भरी यात्रा को लेकर भी शुभकामनाएं दीं। समारोह में कक्षा 10वीं में 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया स्तर पर तीसरी रैंक हासिल करने वाले अंशुमन मौर्य सहित अन्य विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।मुख्यमंत्री ने विद्यालय के किशोर वैज्ञानिकों द्वारा निर्मित विभिन्न विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया, जिनमें पौधों द्वारा जल प्रदूषण की रोकथाम, विंड मिल और लाइव गार्ड मैनेजमेंट जैसे नवाचार शामिल थे। उन्होंने मिट्टी के शिल्प निर्माण करने वाले विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी प्रतिभा की सराहना की।कार्यक्रम को विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने भी संबोधित किया। प्रारंभ में सागर समूह के प्रमुख श्री सुधीर अग्रवाल, श्री सिद्धार्थ और श्री सागर ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया।समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *