मणिपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के फ्री मूवमेंट की अनुमति देने के निर्देश के पहले ही दिन कुकी बहुल इलाकों में हिंसक विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। खासतौर पर कांगपोकपी जिले में कुकी-जो समुदाय ने इस फैसले के खिलाफ अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान किया। हिंसा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पथराव किया, सड़कों को अवरुद्ध किया, टायर जलाए और पेड़ गिराकर रास्ते बंद कर दिए। इस घटना में 27 सुरक्षाकर्मी घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर है।स्थिति को देखते हुए फ्री मूवमेंट के फैसले को फिलहाल रोक दिया गया है। पुलिस और प्रशासन दोनों समुदायों से लगातार बातचीत कर रहे हैं और सोमवार से हालात की समीक्षा की जाएगी। प्रभावित इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।