
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज अंतरिक्ष, उद्योग, रक्षा और प्रौद्योगिकी सहित सभी क्षेत्रों में विश्व पटल पर अपनी उपलब्धियों का परचम लहरा रहा है। इसी सोच के अनुरूप मध्यप्रदेश सरकार भी प्रदेश में उद्योग-व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को सतना में आयोजित विंध्य व्यापार मेले के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश में क्षेत्रीय स्तर पर इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित करने के निर्णय की सराहना की है। पहले कटनी में माइनिंग सेक्टर पर केंद्रित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का सफल आयोजन हुआ और अब सतना में एमएसएमई सेक्टर पर आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगे चलकर जिला स्तर पर भी इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएंगी, जिससे स्थानीय उद्यमियों को सीधे लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सतना विंध्य क्षेत्र में व्यापार और उद्योग का बड़ा केंद्र है। विंध्य व्यापार मेले के सफल आयोजन के लिए उन्होंने सतना के नागरिकों और व्यापारियों को बधाई दी। उन्होंने घोषणा की कि सतना में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 100 एकड़ भूमि पर नया इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स को व्यापार मेले के आयोजन के लिए 8 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। सतना में व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए पीपीपी मोड पर गीता भवन के निर्माण की भी घोषणा की गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दो वर्षों में विंध्य क्षेत्र में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है। सतना विमानतल की एयरस्ट्रिप को बढ़ाकर 1800 मीटर किया जा रहा है, जिससे बड़े जेट विमान भी यहां उतर सकेंगे। चित्रकूट धाम और शारदा माता मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के कारण सतना धार्मिक पर्यटन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने हेली सेवा शुरू की है तथा आपात स्थितियों में सहायता के लिए पीएमश्री एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। नए वर्ष में प्रदेशवासियों को सरकारी बस सेवा की सौगात भी दी जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद के लिए राहवीर योजना प्रारंभ की गई है, जिसके तहत सहायता करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में मध्यप्रदेश का बजट दोगुना कर लगभग 7 लाख करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा है। युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। होटल व्यवसाय में 30 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। रोजगार आधारित उद्योगों को श्रमिकों के वेतन में 5 हजार रुपये प्रति श्रमिक की सहायता दी जा रही है। किसानों के लिए 32 लाख सोलर पंप 90 प्रतिशत अनुदान पर दिए जा रहे हैं, जिससे उन्हें बिजली बिल और अस्थायी कनेक्शन की समस्या से राहत मिल रही है।सतना सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में सतना जीएसटी कलेक्शन में अग्रणी जिला है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है। उन्होंने सतना में एमएसएमई सेक्टर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री सतीश सुखेजा ने कहा कि विंध्य व्यापार मेला वर्ष 2000 से आयोजित किया जा रहा है और यह इसका 12वां संस्करण है। मेले में 8 राज्यों के लगभग 250 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने व्यापारियों के हित में स्थायी भूमि और व्यापार संवर्धन बोर्ड के गठन की मांग रखी।कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री एवं जिले के प्रभारी श्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, विधायक श्री सुरेंद्र सिंह गहरवार, महापौर श्री योगेश ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण एवं नागरिक उपस्थित रहे।