
देश में विकसित भारत बिल्डाथोन-2025 का आयोजन केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय एवं साक्षरता विभाग द्वारा किया गया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को सहभागिता का अवसर प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश ने मुख्य सहयोग किया।इस बिल्डाथोन में मध्यप्रदेश के 1,38,582 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों के समूह बनाकर 34,655 टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने 20 हजार से अधिक आइडिया एवं प्रोजेक्ट अपलोड किए।यह सहभागिता राष्ट्रीय स्तर पर 46.73 प्रतिशत के मुकाबले 57.73 प्रतिशत रही। इस उपलब्धि के साथ मध्यप्रदेश देश में चौथे स्थान पर रहा।
देश में उत्तर प्रदेश प्रथम, महाराष्ट्र द्वितीय एवं असम तृतीय स्थान पर रहे।
‘बिल्डाथोन’ का अर्थ है ऐसी प्रतियोगिता, जिसमें प्रतिभागी एक निश्चित समय-सीमा में किसी समस्या का समाधान निकालने के लिए मिलकर काम करते हैं और कुछ नया सृजन करते हैं।विकसित भारत बिल्डाथोन एक राष्ट्रीय नवाचार आंदोलन है, जिसका उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता और उद्यमिता को प्रोत्साहित करना है।यह प्रतियोगिता अटल इनोवेशन मिशन एवं नीति आयोग के सहयोग से आयोजित की गई।इसका शुभारंभ केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने सितंबर माह के चौथे सप्ताह में किया था।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को चार विषय दिए गए —
- आत्मनिर्भर भारत
- स्वदेशी
- वोकल फॉर लोकल
- समृद्ध भारत
जिला एवं राज्य स्तर पर चयन प्रक्रिया
प्रतियोगिता के अगले चरण में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जूरी का गठन किया गया है। यह जूरी जिले से सर्वश्रेष्ठ दो प्रोजेक्ट या प्रोटोटाइप का चयन करेगी।प्रत्येक जिले से चयनित विजेता टीमों को केंद्र सरकार द्वारा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।इसके बाद राज्य स्तर पर चयन किया जाएगा, और राज्य स्तरीय विजेता छात्र अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे।