रेल कोच इकाई से राजधानी के निकट होगी अधोसंरचना सशक्त : मुख्यमंत्री डॉ. यादव,

भोपाल, – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर प्रदेश को रेल कोच इकाई की ऐतिहासिक सौगात मिल रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि-पूजन 10 अगस्त को रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज स्थित दशहरा मैदान में केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के मुख्य आतिथ्य में होगा।कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, रक्षा उत्पाद सचिव श्री संजीव कुमार, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष श्री सतीश कुमार और भारत अर्थ मूवर्स लि. (बीईएमएल) के अध्यक्ष श्री शांतनु राय विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर बीईएमएल परियोजना पर केंद्रित लघु फिल्म, प्रस्तावित प्लांट का 3डी वॉकथ्रू और नए संयंत्रों के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि रायसेन जिले के ग्राम उमरिया में 60 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर 1800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ब्रह्मा परियोजना – बीईएमएल रेल हब फॉर मैन्युफैक्चरिंग से भोपाल, रायसेन, सीहोर और विदिशा जिलों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इस परियोजना से तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए नए रोजगार अवसर सृजित होंगे। लगभग 5,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित हो रहे भोपाल क्षेत्र और निकटवर्ती औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप के लिए यह परियोजना वरदान साबित होगी। यहां वंदे भारत, अमृत भारत और मेट्रो ट्रेनों के कोच निर्माण से भारतीय रेल के नए युग की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना मेक इन इंडिया मिशन की भावना को साकार करती है और प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *