भारत द्वारा फ्रांस से 114 राफेल लड़ाकू विमानों की संभावित खरीद को लेकर रक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण चर्चा जारी है। इस प्रस्तावित सौदे को रक्षा खरीद परिषद (DAC) की प्रारंभिक मंजूरी मिल चुकी है और इसे भारतीय वायुसेना की क्षमताओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।हालांकि, फ्रांसीसी बिजनेस आउटलेट L’Essentiel de l’Éco की एक हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फ्रांस सरकार ने भारत के साथ चल रही बातचीत के दौरान राफेल फाइटर जेट के कुछ महत्वपूर्ण सिस्टम्स के सोर्स कोड ट्रांसफर करने से इनकार कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह इनकार विशेष रूप से SPECTRA इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सूट और अन्य कोर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स से संबंधित है।SPECTRA राफेल का अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम है, जो दुश्मन के रडार और मिसाइल खतरों से विमान की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। यह प्रणाली विमान की सर्वाइवल क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में इसके सोर्स कोड तक सीधी पहुंच न मिलना भारत की पूर्ण तकनीकी स्वायत्तता के दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण मुद्दा माना जा रहा है।रिपोर्ट के मुताबिक, यदि सोर्स कोड उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो भारत कुछ विशेष सेंसर, स्वदेशी हथियार प्रणालियों या सॉफ्टवेयर मॉड्यूल्स को स्वतंत्र रूप से राफेल में एकीकृत (इंटीग्रेट) करने में सीमित हो सकता है। इसका अर्थ यह होगा कि भविष्य में किसी भी बड़े सॉफ्टवेयर संशोधन या नए हथियार के एकीकरण के लिए फ्रांस की स्वीकृति और तकनीकी सहयोग आवश्यक होगा।फ्रांस का दृष्टिकोण यह बताया गया है कि राफेल के कोर सॉफ्टवेयर और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम दशकों के अनुसंधान एवं विकास का परिणाम हैं और इन्हें एक प्रोप्राइटरी उत्पाद के रूप में देखा जाता है। इसलिए इनका पूर्ण सोर्स कोड किसी भी अन्य देश को हस्तांतरित करना संभव नहीं है।हालांकि, समाधान के तौर पर फ्रांस द्वारा एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (API) उपलब्ध कराने का प्रस्ताव सामने आया है। API के माध्यम से भारत अपने स्वदेशी सिस्टम्स और हथियारों को राफेल प्लेटफॉर्म के साथ जोड़ सकेगा, बिना आंतरिक सॉफ्टवेयर लॉजिक तक सीधी पहुंच के। यह मॉडल सुरक्षा और बौद्धिक संपदा संरक्षण के साथ-साथ सीमित तकनीकी लचीलापन भी प्रदान करता है।उल्लेखनीय है कि United Arab Emirates को भी इसी प्रकार का API आधारित समाधान प्रस्तावित किया गया था। राफेल F4 स्टैंडर्ड के पहले अंतरराष्ट्रीय ग्राहक के रूप में UAE ने API का उपयोग कर अपने स्वदेशी गाइडेड हथियारों के एकीकरण के लिए समझौता किया था।