रपटे या पुल-पुलिया पर बाढ़ का पानी हो तो पार न करें – मुख्यमंत्री डॉ. यादव,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया है कि प्रदेश में मानसून सक्रिय हो चुका है तथा लगभग सभी जिलों से वर्षा की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। इस परिप्रेक्ष्य में मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे बारिश एवं बाढ़ के समय सतर्क रहें तथा अनावश्यक जोखिमपूर्ण यात्रा करने से बचें।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यदि यात्रा के दौरान किसी सड़क, पुल या पुलिया पर बाढ़ का पानी तेजी से आ रहा हो, तो नागरिक वहां से आवागमन न करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सजगता और सावधानी ही सुरक्षा की कुंजी है।मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने प्रदेश के समस्त कलेक्टर्स एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वर्षा से प्रभावित जिलों में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने संवेदनशील स्थलों जैसे नाले, रपटे, छोटे-बड़े पुल-पुलियों पर सुरक्षा के विशेष उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना या जान-माल की हानि को रोका जा सके।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नागरिकों से पुनः अपील की है कि वे मानसून के दौरान अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें, और जहां कहीं भी जल प्रवाह तेज़ हो अथवा बाढ़ की आशंका हो, वहाँ आवागमन से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *