राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्थापना दिवस पर बैज लगाया गया और स्कार्फ पहनाया गया,

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल को आज भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के 76वें स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा बैज लगाया गया और स्कार्फ पहनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य मुख्यालय के पदाधिकारी, अधिकारी तथा राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त स्काउट्स एवं गाइड्स ने राजभवन में सौजन्य भेंट की।कार्यक्रम के दौरान राज्य मुख्य आयुक्त श्री पारसचन्द्र जैन ने राज्यपाल श्री पटेल को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का स्कार्फ पहनाया, जो संगठन के आदर्श, अनुशासन और सेवा भाव का प्रतीक है। वहीं, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त स्काउट श्री आदित्य शुक्ला ने राज्यपाल को स्थापना दिवस का प्रतीक बैज लगाया। इसके साथ ही राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त गाइड कुमारी तमन्ना गौर ने अपने हाथों से तैयार किया हुआ स्वनिर्मित शुभकामना कार्ड राज्यपाल को भेंट किया, जिसमें संगठन के प्रति समर्पण और सेवा की भावना का सुंदर संदेश अंकित था।रज्यपाल श्री पटेल ने इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था वर्षों से देशभर में सेवा, अनुशासन और निष्ठा के मूल्य समाज में स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा बच्चों और युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवता की भावना का जो बीजारोपण किया जा रहा है, वह समाज के उज्जवल भविष्य की नींव है।ज्यपाल ने कहा कि आज के समय में स्काउट्स एवं गाइड्स जैसे संगठनों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि वे युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और उन्हें जीवन में आत्मनिर्भर तथा नैतिक रूप से सशक्त बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और अनुशासन का जीवन मूल्य अपनाने से व्यक्ति स्वयं के साथ समाज के विकास में भी योगदान दे सकता है।

राज्यपाल ने संगठन के पदाधिकारियों और युवा सदस्यों का आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति, साक्षरता और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएँ। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में वे स्वयं भी स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को प्रोत्साहन देते रहेंगे।इस अवसर पर राज्य आयुक्त (रोवर) श्री राजीव जैन, राज्य सचिव श्री राजेश प्रसाद मिश्रा सहित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने राज्यपाल को संगठन की विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक पहलों की जानकारी दी।राज्यपाल श्री पटेल ने सभी उपस्थित जनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *