मालवा बनेगा ग्रीन एनर्जी हब: मक्सी में 8174 करोड़ की औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शाजापुर जिले के मक्सी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मालवा क्षेत्र को ग्रीन एनर्जी हब के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उज्जैन-शाजापुर की पुण्यधरा अब हरित ऊर्जा उत्पादन से जुड़े उपकरणों का प्रमुख प्रोडक्शन सेंटर बनने जा रही है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 8174 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली 6 औद्योगिक इकाइयों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण किए। इनमें 4 इकाइयों का भूमिपूजन एवं 2 इकाइयों का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही उज्जैन–मक्सी फोर लेन सड़क (38.95 किमी) के निर्माण कार्य का भी 384 करोड़ रुपये की लागत से भूमिपूजन किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन औद्योगिक निवेशों से क्षेत्र में 15,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने शाजापुर जिले को “डबल गिफ्ट” देते हुए बताया कि कुल 487.36 करोड़ रुपये के 20 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी आज सम्पन्न हुआ है।उन्होंने कहा कि मक्सी नगर सेंट्रल इंडिया के ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरकर किसानों को प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और भंडारण जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा।मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत 1500 रुपये मासिक सहायता के साथ अब कामकाजी बहनों को 5000 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा पशुपालकों को बढ़ावा देने के लिए 40 रुपये प्रति गाय अनुदान प्रदान किया जाएगा।कहा कि राज्य में विकास, सुशासन और औद्योगीकरण की नई धारा बह रही है। शाजापुर–उज्जैन को “जुड़वा भाई” बताते हुए उन्होंने कहा कि उज्जैन के विकास का पूरा लाभ शाजापुर को भी मिल रहा है। जिला मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज और शुजालपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज की स्थापना इसी विकास यात्रा का हिस्सा है।

जनजातीय गौरव दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने घोषणा की कि जनजातीय कार्य विभाग के कन्या छात्रावासों का नाम महारानी दुर्गावती तथा बालक छात्रावासों का नाम महाराजा शंकर शाह के नाम पर रखा जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह औद्योगिक निवेश और विकास कार्य आने वाले वर्षों में मालवा की समृद्धि की नई नींव सिद्ध होंगे और हजारों युवाओं के जीवन में उन्नति का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *