मीना समाज ने शिक्षा और सामाजिक सुधारों से प्रदेश-देश को दी नई दिशा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मीना समाज ने अपनी मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन से प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज बंधु न केवल अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहे हैं। शिक्षा सामाजिक उन्नति का सबसे मजबूत आधार है और मीना समाज ने इसे अपने विकास का मूल मंत्र बनाया है। पिछले वर्षों में लगभग 550 प्रतिभाओं का सम्मान इस बात का प्रमाण है कि समाज शिक्षा, परिश्रम और उत्कृष्टता को अपना पथ-प्रदर्शक मानता है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को रवीन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में आयोजित मीना समाज सम्मेलन एवं मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मध्यप्रदेश मीना समाज सेवा संगठन की ओर से तीन बड़ी मालाएं पहनाकर, साफा बांधकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पूर्व मंत्री श्री राम निवास रावत ने मुख्यमंत्री के लिए अभिनंदन पत्र का वाचन किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि मीना समाज द्वारा मृत्यु भोज जैसी कुप्रथाओं का विरोध, दहेज-मुक्त एवं सादे विवाहों को प्रोत्साहन तथा सामूहिक विवाह सम्मेलनों के आयोजन से समाज ने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एक मजबूत संदेश दिया है। ऐसे प्रयास समाज को शिक्षित, संगठित और कुरीतियों से मुक्त करते हुए प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाते हैं। यह पहल प्रदेश और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास को भी नई दिशा देती है। राज्य सरकार मीना समाज के इन सकारात्मक प्रयासों में पूरी तरह से साथ है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित, खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले, पदक विजेता एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित करने वाले मीना समाज के 16 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही सामाजिक गतिविधियों के लिए दान देने और समाजसेवा में अग्रणी भूमिका निभाने वाले समाज के वरिष्ठजनों को भी सम्मानित किया गया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मीना समाज पर श्रीहरि की विशेष कृपा रही है। भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से जुड़ी मीना समाज की उत्पत्ति जल और जीवन के महत्व का संदेश देती है। समाज प्रतिभाओं से परिपूर्ण है और युवा पीढ़ी शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कामना की कि समाज के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।मुख्यमंत्री ने कहा कि मीना समाज सेवा संगठन की स्थापना वर्ष 1980 में समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक उत्थान के उद्देश्य से की गई थी। आज संगठन के कार्यों के सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए कई नवाचार किए गए हैं। प्रदेश में देश की पहली तीन नदी जोड़ो परियोजनाओं का कार्य आरंभ हुआ है, जिससे श्योपुर, गुना सहित चंबल और मालवा अंचल सिंचित होंगे और मीना समाज को इसका विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की पहल पर जातिगत जनगणना का बड़ा निर्णय लिया गया है, जिससे सामाजिक नीतियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है। समाज बंधु उद्योग-धंधों और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे आएं, सरकार हर कदम पर उनके साथ है। उन्होंने मीनेष बोर्ड के गठन पर विचार करने तथा समाज की धर्मशाला निर्माण में राज्य शासन से सहयोग देने की भी घोषणा की।कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि मीना समाज शिक्षा, संस्कार और संगठन के बल पर निरंतर प्रगति करता रहेगा और प्रदेश एवं देश के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *