मध्यप्रदेश बनेगा वैश्विक वस्त्र विनिर्माण का नया केंद्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव,

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की स्पेन यात्रा के दूसरे दिन का फोकस वैश्विक कपड़ा एवं फैशन क्षेत्र के दिग्गजों से निवेश संवाद पर रहा। स्पेन के गैलिसिया स्थित इंडिटेक्स मुख्यालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश को “हरित, लागत-प्रतिस्पर्धी और ट्रेसिबल उत्पादन हब” के रूप में प्रस्तुत किया।बठक में इंडिटेक्स समूह के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापारिक साझेदारी, सतत निवेश और हरित उत्पादन के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र में वैश्विक साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, “इंडिटेक्स जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड की उपस्थिति से राज्य में आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और हरित उत्पादन को गति मिलेगी। हम इस साझेदारी को सभी स्तरों पर समर्थन देने को तत्पर हैं।”इस बैठक को राज्य में निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंडिटेक्स को आमंत्रण दिया कि वह पीएम मित्रा पार्क में सप्लाई चेन एंकर के रूप में भागीदारी बने। उन्होंने एक ऑर्गेनिक कॉटन ट्रेसिंग प्लेटफॉर्म और ई एस जी सर्टिफाइड एमएसएमई के साथ वेंडर डेवेलपमेंट प्रोग्राम प्रारंभ करने का सुझाव भी दिया।उल्लेखनीय है किस्पेन की Inditex (Industria de Diseño Textil S.A.) दुनिया की बड़ी फैशन रिटेल कंपनियों में से एक है। इसके अंतर्गत ज़ारा, मैसिमो दुत्ती, बेरशका, बुल एंड बीयर जैसे प्रसिद्ध ब्रांड्स हैं। कंपनी का मुख्यालय गैलिसिया के आर्तेइशो में है। यह अपने फास्ट फैशन मॉडल, ट्रेसिबल सप्लाई चेन और टिकाऊ प्रथाओं के लिए प्रसिद्ध है। भारत में इंडिटेक्स, टाटा समूह के साथ ज़ारा और मैसिमो दुत्ती ब्रांड्स के माध्यम से कार्यरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *