
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मध्यप्रदेश आज एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धि की ओर अग्रसर है। प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य जिलों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा और क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंतिम पंक्ति में बैठे अंतिम व्यक्ति तक सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा का प्रदेशवासियों की ओर से विशेष आभार व्यक्त किया गया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार जिले में पीपीपी (जन-निजी भागीदारी) मॉडल पर मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जे.पी. नड्डा थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा ने रिमोट का बटन दबाकर मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास के साथ-साथ जिले के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह पीपीपी मॉडल पर बनने वाला देश का पहला मेडिकल कॉलेज है, जिसकी शुरुआत मध्यप्रदेश की धरती से हो रही है। उन्होंने कहा कि इस मॉडल में समाज और सरकार मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाएंगे, जिससे हर वर्ग तक बेहतर इलाज पहुंच सकेगा। सेवा और विकास राज्य सरकार का मूल मंत्र है। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में चार मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए अनुबंध किए गए थे। आज धार और बैतूल में शिलान्यास हो रहा है तथा शीघ्र ही कटनी और पन्ना में भी शिलान्यास किया जाएगा।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा ने धार में मेडिकल कॉलेज के भूमि-पूजन को देश के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने देश को नेतृत्व प्रदान किया है। नवाचारी सोच और जन सहभागिता के साथ पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करना एक अनुकरणीय पहल है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक और सकारात्मक परिवर्तन आया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि धार में 260 करोड़ रुपये की लागत से 25 एकड़ भूमि पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए स्वामी विवेकानंद शिक्षा धाम फाउंडेशन ने सरकार के साथ सहभागिता की है। राज्य सरकार द्वारा 25 एकड़ भूमि मात्र 1 रुपये की लीज पर उपलब्ध कराई गई है। इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से धार सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़े शहरों में इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही स्थानीय जनजातीय युवाओं को डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2002-03 में प्रदेश में मात्र 5 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 33 हो चुकी है। पिछले दो वर्षों में 6 नए शासकीय मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए गए हैं। सिकल सेल एनीमिया अभियान के अंतर्गत प्रदेश में 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है।कार्यक्रम में वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, नगरीय विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन धार जिले और मध्यप्रदेश के विकास में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।