मध्यप्रदेश देश का सबसे तेज़ी से विकसित होने वाला राज्य बना : केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह,

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा है कि मध्यप्रदेश अब देश में सबसे तेज़ गति से विकास करने वाला राज्य बन गया है। वैश्विक आर्थिक उतार-चढ़ाव और संसाधनों की सीमाओं के बावजूद प्रदेश ने जिस रफ्तार से प्रगति की है, वह पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, पर्यटन, स्वास्थ्य, खनन, फार्मा, नवकरणीय ऊर्जा और आधारभूत संरचनाओं सहित हर क्षेत्र में मध्यप्रदेश आज अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा है।श्री शाह गुरुवार को भूतपूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जन्म जयंती के अवसर पर ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित “अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट” को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने नई सोच, उद्यमशीलता, नवाचार और प्रगतिशील दृष्टिकोण के माध्यम से विकास के ऐसे मानक स्थापित किए हैं, जिनका अनुसरण अब अन्य राज्य भी कर रहे हैं।केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है और इस ऐतिहासिक उपलब्धि में मध्यप्रदेश का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने प्रदेश के नेतृत्व और प्रशासनिक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यहां निवेश के लिए अनुकूल वातावरण, स्पष्ट नीतियां और मजबूत इच्छाशक्ति है। इसी का परिणाम है कि इस वर्ष मध्यप्रदेश को देश में तीसरे स्थान पर सर्वाधिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।इस अवसर पर श्री शाह ने 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की लागत से प्रदेश के विभिन्न अंचलों में स्थापित होने वाली औद्योगिक एवं निर्माण परियोजनाओं का सामूहिक भूमिपूजन किया। उन्होंने 5,810 करोड़ रुपये की लागत से औद्योगिक विकास परियोजनाओं और सड़क विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा 860 वृहद औद्योगिक इकाइयों को 725 करोड़ रुपये की निवेश प्रोत्साहन सहायता सिंगल क्लिक से वितरित की। साथ ही प्रदेश में साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का शुभारंभ किया गया, जिससे मध्यप्रदेश यह सुविधा लागू करने वाला देश का दूसरा राज्य बन गया।केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उद्यम से उद्योग और उद्योग से रोजगार का सृजन होता है। हर हाथ को काम मिलने से ही देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा औद्योगिक विकास के लिए उठाए जा रहे कदम देश-प्रदेश की आर्थिक मजबूती में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश निवेश, रोजगार और समावेशी विकास का नया मॉडल गढ़ रहा है। अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट से प्रदेश में औद्योगिक विस्तार को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है, जहां उद्योग-अनुकूल नीतियां, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, प्राकृतिक संसाधन और पारदर्शी प्रशासन निवेशकों को सर्वोत्तम वातावरण प्रदान करते हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 18 नई उद्योग-अनुकूल नीतियां, विस्तृत लैंड बैंक, भरपूर जल और ऊर्जा उपलब्धता, कुशल मानव संसाधन तथा उत्कृष्ट लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी निवेश को बढ़ावा दे रही हैं। रिन्यूएबल एनर्जी, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, फार्मा, आईटी और पेट्रोकेमिकल्स जैसे क्षेत्रों में व्यापक निवेश अवसर उपलब्ध हैं।

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह मध्यप्रदेश के अभ्युदय का समय है। ग्वालियर की धरती से प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। यह आयोजन केवल निवेश का नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व और सुशासन का प्रतीक है।कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन और विचार राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा हैं। इस अवसर पर अटल म्यूजियम का लोकार्पण भी किया गया, जो आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से परिचित कराएगा।समिट में प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश संभावनाओं और विजन 2047 पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। उच्च रोजगार सृजन करने वाले उद्योगपतियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में अनेक केंद्रीय व राज्य मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी, निवेशक और उद्योगपति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *