मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में इंदौर जिला उत्कृष्ट— निर्वाचन आयोग के सचिव ने की सराहना,

भारत निर्वाचन आयोग के सचिव श्री विनोद कुमार ने इंदौर जिले में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इंदौर में यह अभियान पूर्ण पारदर्शिता, टीम भावना, गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली और तकनीक के प्रभावी उपयोग के साथ अत्यंत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसी गति से कार्य जारी रहने पर इंदौर जिला अपने सभी निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लेगा।सचिव श्री विनोद कुमार ने आज कलेक्टर कार्यालय, इंदौर में आयोजित समीक्षा बैठक में विधानसभा-वार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इंदौर में किए जा रहे नवाचार अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नवजीवन विजय पवार, सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्री अजीत श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बूथ लेवल अधिकारियों से सीधी बातचीत

सचिव श्री विनोद कुमार ने इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) और सुपरवाइजरों से सीधे संवाद कर क्षेत्रवार प्रगति, अनुभव और समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि किसी एक विधानसभा क्षेत्र में किए गए सफल नवाचारों को अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाए, जिससे अभियान की प्रभावशीलता और बढ़ सके।

इंदौर में उल्लेखनीय सुधार— गुणवत्ता और गति की प्रशंसा

सचिव ने बताया कि पिछली बैठक में इंदौर जिले की प्रगति अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही थी, लेकिन अल्प समय में जिले ने जिस बेहतरीन गति और गुणवत्ता के साथ कार्य किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि “इतना उत्कृष्ट परिणाम मिलेगा, इसका अनुमान नहीं था। इंदौर जिले ने पुनरीक्षण कार्य में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है।”उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति हेतु अधिकतम प्रयास करने के निर्देश दिए। सचिव ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाना चाहिए।

जिले में तेज गति से कार्य— 70% से अधिक पुनरीक्षण पूर्ण

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नवजीवन विजय पवार ने जिले की प्रगति का प्रस्तुतिकरण किया और नवाचारों की जानकारी दी। आयोग के सचिव ने इन नवाचारों की विशेष रूप से सराहना की।बैठक में बताया गया कि इंदौर जिले में कुल 28,67,294 मतदाता हैं, जिनमें से 20,13,850 मतदाताओं की जानकारी डिजिटाइज हो चुकी है। इस प्रकार जिले में पुनरीक्षण कार्य 70 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो गया है और यह निर्धारित समय से पूर्व पूरा हो जाने की संभावना है।

विधानसभा-वार प्रगति

  • देपालपुर – 82.35%
  • इंदौर-1 – 63.37%
  • इंदौर-2 – 60.82%
  • इंदौर-3 – 67.76%
  • इंदौर-4 – 64.34%
  • इंदौर-5 – 62.99%
  • महू – 81.64%
  • राऊ – 65.95%
  • सांवेर – लगभग 100%

अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है और जिला प्रशासन निर्धारित समय से पहले लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *