मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल से की सौजन्य भेंट,

भोपाल। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल से मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने शुक्रवार को राजभवन में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री जैन ने राज्यपाल श्री पटेल को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। यह मुलाकात सौहार्द्रपूर्ण और सकारात्मक रही, जिसमें प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन को उनके कार्यकाल के आगामी एक वर्ष के विस्तार के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में अनुभव और कुशल नेतृत्व राज्य के सुचारू संचालन के लिए अत्यंत आवश्यक है। श्री पटेल ने आशा व्यक्त की कि श्री जैन अपने विस्तारित कार्यकाल में भी प्रदेश के विकास और सुशासन को नई दिशा देंगे।विदित हो कि शासन द्वारा मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन के कार्यकाल को आगामी एक वर्ष के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। श्री जैन अपने कार्यकाल के दौरान राज्य में प्रशासनिक सुधार, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सुशासन को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में राज्य शासन ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में ठोस पहल की है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री जैन ने राज्यपाल श्री पटेल के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि वे अपने विस्तारित कार्यकाल में भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं और जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन पूरी क्षमता और निष्ठा से कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *