
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब केवल निवेश प्रस्तावों (MoUs) तक सीमित राज्य नहीं रहा, बल्कि औद्योगिक उत्पादन का एक मजबूत और उभरता हुआ पावरहाउस बनकर सामने आया है। राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों, पारदर्शी व्यवस्था और त्वरित क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष प्रमाण अशोक लीलैंड का नया प्लांट है, जिसने भूमि पूजन के महज दो वर्षों के भीतर उत्पादन की दिशा में ठोस कदम बढ़ा दिए हैं। यह सफलता दर्शाती है कि उत्तर प्रदेश में निवेश अब कागजों से निकलकर जमीन पर फैक्ट्रियों, उत्पादन और रोजगार में तब्दील हो रहा है।अशोक लीलैंड ने उत्तर प्रदेश की सुदृढ़ प्रशासनिक और औद्योगिक व्यवस्था का लाभ उठाते हुए 252 करोड़ रुपये के निवेश से अपना नया प्लांट स्थापित किया है। इस परियोजना की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 20 फरवरी 2024 को आयोजित की गई थी और रिकॉर्ड समय में प्लांट को उत्पादन के करीब पहुंचाना राज्य सरकार की कार्यक्षमता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस प्लांट के संचालन से हजारों स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होने की संभावना है, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।उत्तर प्रदेश की औद्योगिक यात्रा बीते पौने नौ वर्षों में ऐतिहासिक रही है। वर्ष 2018 के इन्वेस्टर्स समिट में जहां 4.28 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, वहीं वर्ष 2023 के ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में यह आंकड़ा बढ़कर 35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कुल मिलाकर अब तक लगभग 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव राज्य को प्राप्त हुए हैं। सरकार की गंभीरता और क्रियान्वयन क्षमता का प्रमाण यह है कि 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की 16,000 से ज्यादा परियोजनाओं के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह आयोजित किए जा चुके हैं।प्रदेश की औद्योगिक प्रगति केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ठोस आंकड़ों में भी स्पष्ट दिखाई देती है। लगभग 5 लाख करोड़ रुपये की 8,300 से अधिक परियोजनाएं कमर्शियल ऑपरेशन शुरू कर चुकी हैं। भविष्य को ध्यान में रखते हुए योगी सरकार GBC-5 के माध्यम से 6 लाख करोड़ रुपये के नए निवेश को शीघ्र धरातल पर उतारने की तैयारी कर रही है। मार्च 2025 में प्रदेश का विनिर्माण सूचकांक 167.97 दर्ज किया गया, जो उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ते मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का स्पष्ट संकेत है।
उत्तर प्रदेश के ‘इन्वेस्टर्स हब’ के रूप में उभरने के पीछे सिंगल विंडो सिस्टम, त्वरित अनुमतियां, मजबूत कानून-व्यवस्था और आधुनिक बुनियादी ढांचा प्रमुख कारक हैं। अशोक लीलैंड जैसी प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनी का राज्य में निवेश इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश अब न केवल राष्ट्रीय, बल्कि वैश्विक निवेशकों की भी पहली पसंद बनता जा रहा है।कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह अब केवल निवेश आकर्षित करने वाला राज्य नहीं, बल्कि निवेश को सफलतापूर्वक उत्पादन और रोजगार में बदलने वाला अग्रणी औद्योगिक केंद्र बन चुका है।