मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा की दीं शुभकामनाएं,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भक्ति, परंपरा और उल्लास के महापर्व भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा के शुभ अवसर पर देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की यह ऐतिहासिक रथयात्रा सनातन परंपराओं का गौरवशाली प्रतीक है, जो सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का संदेश देती है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ, श्रीबलभद्र एवं सुभद्रा जी की यह दिव्य यात्रा श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत मंगलकारी होती है। यह पर्व हमें धर्म, सेवा और भक्ति के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है। रथयात्रा में सहभागी होने वाले भक्तों की आस्था, उत्साह और श्रद्धा इस पर्व को अत्यंत विशेष बना देती है।डॉ. यादव ने कहा कि यह पर्व प्रदेश में समृद्धि, सुख-शांति और जनकल्याण का सन्देश लेकर आता है। इस पावन अवसर पर उन्होंने प्रभु श्रीजगन्नाथ, श्रीबलभद्र एवं सुभद्रा जी से मध्यप्रदेश सहित पूरे देश के नागरिकों के कल्याण, स्वास्थ्य और विकास के लिए प्रार्थना की।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस पवित्र पर्व को श्रद्धा, संयम और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाएं तथा समाज में भाईचारे और सौहार्द का वातावरण बनाए रखें। रथयात्रा के आयोजन से जुड़े सभी श्रद्धालुओं, आयोजकों एवं प्रशासन को उन्होंने सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *