मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय को दी किंग कोबरा (मेल) की सौगात

इंदौर, दिनांक 20 मई 2025 — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर स्थित कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय का दौरा कर सर्प संरक्षण को लेकर एक अहम कदम उठाया। उन्होंने कर्नाटक के पीलीकुला बायोलॉजिकल पार्क से लाए गए नर किंग कोबरा को चिड़ियाघर के स्नैक पार्क में छोड़ा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिड़ियाघर प्रबंधन द्वारा बनाए गए विशेष आवास की सराहना की और बताया कि उनके निर्देशानुसार इको-सिस्टम को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किंग कोबरा की प्रजनन (ब्रीडिंग) के लिए विशेष सुविधाएँ विकसित की गई हैं। इससे पहले चिड़ियाघर में केवल मादा किंग कोबरा थी, लेकिन अब नर की उपलब्धता से प्राकृतिक रूप से प्रजनन की प्रक्रिया संभव हो सकेगी, जो जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

किंग कोबरा को दुनिया का सबसे लंबा विषैला सर्प माना जाता है, जिसकी लंबाई 18 फीट तक हो सकती है। यह साँप अपनी बुद्धिमत्ता, अनूठे व्यवहार और पर्यावरण में संतुलन बनाए रखने की क्षमता के लिए प्रसिद्ध है। मादा किंग कोबरा अन्य प्रजातियों से अलग होती हैं क्योंकि वे अंडों को सेने के लिए घोंसला बनाती हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि किंग कोबरा किसानों के मित्र माने जाते हैं क्योंकि वे चूहों जैसी कीट प्रजातियों पर नियंत्रण रखते हैं। इस पहल से प्रदेश में सर्प संरक्षण को नई दिशा मिलेगी और जैव विविधता संरक्षण के प्रयासों को बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *