मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आज मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कमल सिंह आंजना ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के श्री महेश चौधरी सहित अन्य पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे।श्री आंजना ने राज्य सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की खरीदी किए जाने के निर्णय का स्वागत किया और इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य सरकार की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।श्री आंजना ने जानकारी दी कि 19 जून 2025 से प्रदेश में मूंग की खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस निर्णय से लाखों किसान लाभान्वित होंगे और उन्हें उनकी फसल का उचित मूल्य प्राप्त होगा। भारतीय किसान संघ ने राज्य सरकार की इस पहल को किसान हितैषी बताते हुए सराहना की है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन फसलों की खरीदी से प्रदेश में दलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को प्रोत्साहन मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मेहनत और परिश्रम से ही राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। राज्य सरकार किसानों की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से करेगी और उनके कल्याण हेतु सभी आवश्यक कदम उठाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि कृषि के क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक का उपयोग और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे पंजीयन कराकर समर्थन मूल्य पर मूंग विक्रय का लाभ अवश्य लें।

भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी नीतियों और निर्णयों से किसानों का विश्वास शासन में और मजबूत हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार किसान हित में इसी तरह ठोस फैसले लेती रहेगी।यह भेंटवार्ता सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और दोनों पक्षों ने कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों की भलाई के लिए निरंतर संवाद बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।